|
दीवार ढहने से चार बच्चों की मौत: यूपी
Aug 26,2010 00:00
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक मकान की दीवार ढहने से एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत हो गई जबकि उनकी मां को गंभीर चोटें आई है। घटना जिले के कोतवाली इलाके के नेकपुर चौरासी गांव की है। मरने वाले चारों बच्चों की उम्र पांच से 10 वर्ष के बीच है। जिले के पुलिस उपाधीक्षक डी के सिसोदिया ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भारी बारिश के चलते यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि घटना के वक्त चारों बच्चे अपनी मां के साथ सो रहे थे, तभी बारिश के चलते घर की दीवार ढह गई जिससे ये सभी उसमें बुरी तरह से दब गए। सिसोदिया ने कहा कि गंभीर रूप से घायल मां का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक जिला प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है। |